रियल एस्टेट सेक्टर में जबरदस्त तेजी, एक दशक की ऊंचाई पर पहुंचा सेंटीमेंट इंडेक्स
रियल एस्टेट सेक्टर में जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है और इसके कारण करंट सेंटीमेंट इंडेक्स स्कोर एक दशक के उच्चतम स्तर 72 पर पहुंच गया है, जो कि पिछली तिमाही में 69 पर था।नाइट फ्रैंक - एनएआरईडीसीओ की रियल एस्टेट सेंटीमेंट इंडेक्स पहली तिमाही 2024 (जनवरी- मार्च) की रिपोर्ट से ये जानकारी मिली। सेंटीमेंट इंडेक्स स्कोर जब भी 50 से ऊपर होता है, दर्शाता है कि रियल एस्टेट सेक्टर में बढ़त हो रही है। जब भी यह 50 से नीचे होता है तो रियल एस्टेट सेक्टर में गिरावट को दर्शाता है। रिपोर्ट में बताया गया कि जनवरी-मार्च में हुए सर्वे में 73 प्रतिशत लोगों ने माना है कि आने वाले छह महीने में घरों की बिक्री में बढ़त देखने को मिलेगी। यह आंकड़ा पिछली तिमाही में 65 प्रतिशत था। पहली तिमाही में 80 प्रतिशत लोगों का मानना था कि हाउसिंग प्रोजेक्ट के लॉन्च में आने वाले छह महीने में बढ़त देखने को मिल सकती है। जनवरी से मार्च में हुए सर्वे में 82 प्रतिशत लोगों का मानना है कि अगले छह महीने में घरों की कीमतों में इजाफा हो सकता है। इससे पहले की तिमाही में ये आंकड़ा 65 प्रतिशत पर था।